दिग्विजय थे मजबूर मुख्यमंत्री, मैं हूं मजबूत मुख्यमंत्री, मैं गरीबी हटाऊंगा : शिवराज

गुना : मध्य प्रदेश में चौथी बार भाजपा की सरकार बनाने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जनता का आशीर्वाद लेने निकले हैं, उनकी जन आशीर्वाद यात्रा रविवार को ज्योतिरादित्य सिंधिया और दिग्विजय सिंह के गढ़ में पहुंची, जहां शिवराज ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा| गुना के बीनागंज में एक सभा को सम्बोधित करते हुए शिवराज ने दिग्विजय सिंह पर तंज कसते हुए कहा दिग्विजय मजबूर मुख्यमंत्री थे, मैं मजबूत मुख्यमंत्री हूँ| उन्होंने कहा कांग्रेस पचास साल तक नारा लगाती रही गरीबी हटाओ, लेकिन गरीबी तो नहीं हटी, गरीबों को ही हटा दिया| लेकिन मैं विश्वास के साथ कहता हूँ प्रदेश से गरीबी हटाऊँगा।

मुख्यमंत्री की जनआशीर्वाद यात्रा रविवार को गुना जिले में पहुंची, जहां गुना, राघौगढ़, और बीनागंज में मुख्यमंत्री ने सभा को सम्बोधित किया| इस दौरान सीएम ने सरकार की उपलब्धियां गिनाई, सरकार की योजनाओं का बखान किया, साथ ही दिग्विजय सिंह के कार्यकाल की याद दिलाते हुए कांग्रेस पर जमकर बरसे| मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा पहले प्रदेश को बीमारू राज्य कहा जाता था, सड़कें नहीं थी, बिजली नहीं थी, सिंचाई के लिए पानी नहीं था| कांग्रेस ने बीमारू राज्य बनाकर छोड़ा था, जब सड़क बिजली नहीं दे पाए तो क्यों मुख्यमंत्री बने| सीएम ने कहा में भी विधायक, सांसद हुआ करता था, तब मैं मुख्यमंत्री से कहता था कुछ कर दो तो मुख्यमंत्री कहते थे मैं क्या करूँ, पैसा ही नहीं है, तनख्वाह नहीं दे पा रहे हैं| तब मजबूर मुख्यमंत्री था, लेकिन अब मजबूत मुख्यमंत्री है।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि भाजपा की सरकार गरीबी हटाएगी| सीएम ने कहा इंदिरा गाँधी कहती थी गरीबी हटाओ, राजीव गांधी कहते थे गरीबी हटाओ| कांग्रेस कहती रही गरीबी हटाओ लेकिन गरीबी नहीं हटी, गरीब ही हट गए| लेकिन मैं पूरे विश्वास के साथ कहता हूँ गरीबी हटाऊँगा, शिवराज सिंह चौहान गरीबी हटाएगा| सीएम शिवराज ने कहा गरीबी हटाने के लिए हमने रोडमैप तैयार किया है| मुख्यमंत्री ने इस दौरान चाचौड़ा विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए बाँध बनाने की भी घोषणा की।