नेता प्रतिपक्ष की जनता से अपील- प्रदेश को लूट चुकी भाजपा को न दें चंदा

भोपाल। भाजपा मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा क्षेत्रों से 46 करोड़ रुपए पार्टी फंड जुटाने का अभियान सोमवार से शुरू करने जा रही है। हर विधानसभा क्षेत्र से 20 लाख रुपए का चंदा वसूलने का लक्ष्य रखा गया है। इस अभियान में मुख्यमंत्री से लेकर केंद्रीय मंत्री आम लोगों से चंदा लेकर लोगों को कूपन की पर्ची देंगे। भाजपा ने इस अभियान का नाम अर्थ संग्रह रखा है।मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह समेत सभी मंत्री एवं प्रमुख पदाधिकारी इस अभियान में जुटेंगे। । भाजपा के इस अभियान पर नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने सवाल उठाए है और जनता से अपील की है कि घोटालों से अरबों कमा चुकी भाजपा को अब चुनाव लडने के लिए चंदा ना दे।।

नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने भाजपा द्वारा जनता से चुनावी चंदा लेने पर निशाना साधते हुए कहा है कि 15 साल में 175 घोटालों के जरिए सरकार के मंत्रियों, भाजपा के लोगों ने करोड़ों रूपये कमाए अब जनता की जेब काटने पर अमादा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा यह चंदा दबाव डालकर जबरिया वसूली कर रही है। जनता से विशेषकर व्यवसायिक वर्ग से अपील की है कि वे भाजपा को कोई चंदा नहीं दें क्योंकि वे आपके ही वोटों से सत्ता में बैठे हैं और जीतने के बाद उन्होंने आपके द्वारा टैक्स दिए पैसों में करोड़ों का घोटाला किया ।

सिंह ने कहा कि घोटालों और भ्रष्टाचार की पर्याय बन चुकी भाजपा सरकार ने विकास की राशि में न केवल अरबों रूपये का घोटाला किया बल्कि व्यापम जैसे महाघोटाले कर प्रदेश के छात्र – छात्राओं से करोड़ों रूपये ऐंठे। दूसरी ओर डीजल-पेट्रोल वैट सहित जी.एस.टी, सी.एस.टी के जरिए जनता से करोड़ों कमाने वाली सरकार को अब भी सुकून नहीं मिला तो अब वह चुनावी चंदे के बहाने जनता की जेब में डाका डालने की जा रही है। इसके लिए सरकार सत्ता के रसूक का इस्तेमाल कर डरा-धमकाकर येन-केन प्रकारेण चंदा वसूली कर रही है।

सिंह ने कहा कि राफेल जैंसे घोटाले कर अरबो रूपये ऐंठने वाले भाजपा के लोग पिछले 15 साल में प्रदेश में और 4 साल में केन्द्र में अरबपति हो गये हैं। वे स्वयं चुनाव लड़ने और लड़ाने में सक्षम हैं।उन्होंने जनता से अपील की है और कहा है कि अगर भाजपा चंदा वसूली करती है तो वे कांग्रेस को बताऐं वह ऐसे लोगों के खिलाफ अड़ी डालकर वसूली करने के लिए एफ.आई.आर दर्ज करवाएगी।