रामपुर नगर परिषद सहित पटेहरा, आमडांड और गोपालपुर में बढ़ते नशे के कारोबार पर भगवती मानव कल्याण संगठन का फूटा आक्रोश

रामपुर नगर परिषद सहित पटेहरा, आमडांड और गोपालपुर में बढ़ते नशे के कारोबार पर भगवती मानव कल्याण संगठन का फूटा आक्रोश .

रामपुर नैकिन/पटेहरा
रामपुर नगर परिषद क्षेत्र सहित पटेहरा, आमडांड, गोपालपुर एवं भीतरी कंधवार में तेजी से फैल रहे अवैध गांजा, कोरेक्स और शराब के कारोबार को लेकर भगवती मानव कल्याण संगठन ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन का आरोप है कि नशा माफिया अब गांवों के साथ-साथ नगर परिषद क्षेत्र में भी सक्रिय होकर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।
संगठन के सचिव राम लालू कोरी ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से खुलेआम नशीले पदार्थों का कारोबार संचालित हो रहा है, जिसकी शिकायत कई बार थाना रामपुर नैकिन में की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी।
संगठन का आरोप है कि शिकायतकर्ताओं की पहचान आरोपियों तक पहुंचा दी जाती है, जिसके बाद उन्हें डराने-धमकाने और मारपीट जैसी घटनाओं का सामना करना पड़ता है।
शाम ढलते ही पटेहरा मार्ग और रामपुर नगर परिषद के कई क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का जमावड़ा लग जाता है, जिससे राहगीरों, महिलाओं और आम नागरिकों में भय का माहौल बना हुआ है। आए दिन गाली-गलौज, विवाद और असुरक्षा की घटनाएं सामने आ रही हैं।
भगवती मानव कल्याण संगठन ने प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि अवैध नशे के कारोबार पर कठोर कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगा।
संगठन की मुख्य मांगें:श अवैध नशे के कारोबार में लिप्त लोगों पर तत्काल कानूनी कार्रवाई
निष्पक्ष जांच कर दोषियों की गिरफ्तारी
रामपुर नगर परिषद एवं पटेहरा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना
क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाना
संगठन के कार्यकर्ताओं का कहना है कि यदि समय रहते इस संगठित अपराध पर रोक नहीं लगी, तो आने वाली पीढ़ियां गंभीर सामाजिक संकट का सामना करेंगी।