ई अटेंडेंस से स्कूल शिक्षा विभाग ने बढ़ाई पारदर्शिता

हमारे शिक्षक’ ऐप के माध्यम से शिक्षकों की स्कूलों में दिख रही वास्तविक उपस्थिति

भोपाल/मंगल भारत। स्कूल शिक्षा विभाग की विकसित हमारे शिक्षक ऐप के जरिए ई-अटेंडेंस से स्कूलों में शिक्षकों की वास्तविक उपस्थिति दिख रही है इससे विभाग की पारदर्शिता बढ़ गई है। बता दें कि सोमवार से प्रदेश के स्कूल खुल गए हैं। सारे शिक्षकों ने स्कूल जाना शुरू कर दिया है। वे स्कूलों में साफ-सफाई, कक्षा व्यवस्थापन, रजिस्टर में बच्चों के नाम एंट्री, समय-सारिणी आदि व्यवस्थाएं कर रहे हैं। शिक्षक स्कूल परिसर पहुंचकर सबसे पहले इस ऐप के जरिए अपनी उपस्थिति दर्शा रहे हैं। इससे प्रदेश कि शिक्षकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय और तकनीक-सक्षम बन चुकी है। स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने कहा कि शिक्षक ऐप के माध्यम से संचालित रियल टाइम ई-अटेंडेंस प्रणाली एजुकेशन पोर्टल 3.0 से एकीकृत है। इससे उपस्थिति संबंधी जानकारी तत्काल उपलब्ध हो रही है। विभाग की यह पहल पारदर्शिता, जवाबदेही, प्रशासनिक दक्षता व डेटा आधारित प्रबंधन को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। तकनीकी नवाचार के माध्यम से विभाग शिक्षा प्रशासन को अधिक उत्तरदायी, प्रभावी एवं आधुनिक बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। इसके लिए विभाग के अधिकारी बधाई के पात्र है।
एआई आधारित है ई-अटेंडेंस प्रणाली
ई-अटेंडेंस प्रणाली एआई तकनीक पर आधारित है। इसमें शिक्षक को उपस्थिति दर्ज करते समय पलक झपकाने अथवा मुस्कुराने जैसी लाइव गतिविधि करनी होती है। इससे प्रॉक्सी अथवा फर्जी उपस्थिति की संभावना समाप्त होती है। यह सुनिश्चित होता है कि उपस्थिति वास्तविक व्यक्ति ही दर्ज कर रहा है। वही जियो-फेंसिंग तकनीक से केवल अपने निर्धारित विद्यालय, कार्यालय अथवा प्रशिक्षण केंद्र की निर्धारित सीमा के भीतर से ही उपस्थिति दर्ज कर सकते हैं। विभागीय अधिकारियों को जिला, विकासखंड, संकुल तथा विद्यालय स्तर तक उपस्थिति की रियल-टाइम मॉनिटरिंग, विश्लेषण एवं रिपोर्ट प्राप्त करने की सुविधा दी गई है।