नहर में डूबे युवक का दूसरे दिन मिला शव, मोहनिया टनल के पास तैरता मिला शव, परिवार में मातम.सीधी.

रविवार दोपहर नहर में डूबा था 19 वर्षीय युवक, पूरी रात चली तलाश के बाद सोमवार सुबह मिला शव, पुलिस ने शुरू की जांच
मंगल भारत/चुरहट। जिले के चुरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत यूपी कैनाल नहर में डूबे 19 वर्षीय युवक का शव घटना के दूसरे दिन मोहनिया टनल के पास मिलने से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। रविवार दोपहर नहर में डूबे युवक की देर शाम तक तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। सोमवार सुबह उसका शव पानी में तैरता मिला, जिसके बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बड़खरा निवासी अभयलाल पाल (19 वर्ष), पिता सत्यसेन पाल रविवार 5 जुलाई को अपने साथी शिवम यादव के साथ जूड़ा नाला ममदर नहर की ओर गया था। दोपहर करीब 12 बजे सूचना मिली कि अभयलाल नहर में डूब गया है। सूचना मिलते ही परिजन एवं ग्रामीण मौके पर पहुंचे और देर शाम तक उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
सोमवार सुबह करीब 4 बजे सूचना मिली कि मोहनिया टनल के पास सिद्ध बाबा मंदिर से लगी यूपी कैनाल नहर (खोहरा मोहनिया) के समीप एक युवक का शव पानी में तैरता दिखाई दे रहा है। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान अभयलाल पाल के रूप में की। इसके बाद शव को नहर से बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही चुरहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग क्रमांक 38/26 दर्ज कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। प्रारंभिक जांच में युवक की मौत नहर में डूबने से होना प्रतीत हो रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और क्षेत्र में भी घटना को लेकर गहरा दुख व्याप्त है।