कांग्रेस की आख़िरी सूची जारी; भाजपा के पूर्व मंत्री सरताज सिंह को मिला टिकिट…. 

कांग्रेस की आख़िरी सूची जारी; भाजपा के पूर्व मंत्री सरताज सिंह को मिला टिकिट…. 

भोपाल(मंगलभारत)- मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने आज पांचवीं सूची में 16 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। इसमें भाजपा से नाराज चल रहे सरताज सिंह को होशंगाबाद से टिकट दिया गया है।

कांग्रेस ने पहली सूची में 155, दूसरी सूची में 16 और तीसरी सूची में 13 उम्मीदवारों की घोषणा की थी। जबकि 29 उम्मीदवारों की चौथी सूची में 27 नए नाम थे, जबकि पहले से घोषित दो प्रत्याशियों को बदला गया था। इस लिस्ट में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के साले संजय सिंह को वारासिवनी से टिकट दिया गया है। राज्य में 28 नवंबर को मतदान होना है, जबकि 11 दिसंबर को परिणाम आएंगे।

भाजपा से टिकट ना मिलने पर सरताज भावुक हो गए थे। इसके बाद गुरुवार को कांग्रेस ज्वाइन कर ली। उन्होंने कहा- आज कांग्रेस में मेरा पहला दिन है। मैं घर में बैठकर घुट-घुटकर मरने वालों में से नहीं हूं। लड़ूंगा तो मैदान में, मरूंगा तो मैदान-ए-जंग में।

आपको बता दें सरताज सिंह मध्य प्रदेश सरकार में पीडब्ल्यूडी मंत्री थे, लेकिन बढ़ती उम्र का हवाला देकर उन्हें पद से हटा दिया गया था। सरताज होशंगाबाद संसदीय क्षेत्र से 1989 से 1996 तक लगातार तीन चुनाव जीते। 1998 में अर्जुन सिंह को हराया था। 2004 में फिर लोकसभा के लिए चुने गए। वे अटल बिहारी वाजपेयी की 13 दिन की सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रहे। उन्होंने 2008 के विधानसभा चुनाव में सिवनी मालवा से हजारी लाल रघुवंशी को हराया। 2013 में फिर इसी सीट से चुनाव जीता और मंत्री बने।