देश में घुसपैठिए घुसते हैं, कांग्रेस को उसमें वोट बैंक नजर आता है: शाह

खातेगांव (देवास)। असम में हमने 40 लाख घुसपैठिए चिन्हित किए तो कांग्रेस ने हंगामा किया। राहुल गांधी एंड कंपनी ने संसद में हंगामा किया। अरे भाई… ये हंगामा क्योंं.. मौसी के लड़के लगते हैं क्या? देश में घुसपैठिए घुसते हैं और कांग्रेस को उसमें वोट बैंक नजर आता है। कांग्रेस को ह्यूमन राइट्स की चिंता होती है लेकिन देश की नहीं।


ये बातें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सोमवार को खातेगांव के डाकबंगला परिसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कही। भाषण में शाह बोले- मैं मप्र की जनता से कहने आया हूं कि 2018 में मप्र में भाजपा और शिवराजसिंह चौहान की सरकार बनाना है। हम मप्र को सबसे समृद्ध प्रदेश बनाएंगे। इसके बाद 2019 में मोदी सरकार बनेगी। फिर कश्मीर से कन्याकुमारी तक, असम से गुजरात तक हम एक-एक घुसपैठिए को चुन-चुनकर बाहर करेंगे। कांग्रेस ने लोकतंत्र को खत्म करने की पार्टी बनाई। शाह ने कहा कि कांग्रेस झूठ का एटीएम है। इसमें समस्या डालो तो झूठा वादा बाहर आएगा, लेकिन भाजपा विकास का एटीएम है। समस्या डालोगे तो समाधान बाहर आएगा।
शाह ने कहा कि राहुल गांधी बार-बार किसान, किसान, किसान करते हैं। अरे, दो बैल जोड़े भी हैं राहुल बाबा। खरीफ में कौन-सी क्रॉप होगी, रबी में कौन-सी होगी मालूम है…? फसल में पानी कब छोड़ते हैं मालूम है…? क्या किसानों की बात कर रहे हो। इटालियन चश्मा पहनकर किसानों की बात नहीं करते राहुल बाबा। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह को मिस्टर बंटाढार कहकर निशाना साधा।