भीषण सड़क हादसे में युवक का हाथ कटा; रामपुर नैकिन अस्पताल की बदहाली और डॉक्टरों की अनुपस्थिति पर परिजनों का हंगामा.

मंगल भारत:रामपुर नैकिन: रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र के अंतर्गत यूनियन बैंक के समीप आज एक अनियंत्रित बस और पिकअप के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में 22 वर्षीय युवक शीतल केवट (पिता सहदेव केवट) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में युवक का हाथ शरीर से अलग हो गया, जिससे उसकी स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
*घटना का विवरण*:
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महामाया बस सर्विस की बस (क्रमांक MP 17 P 1851) का चालक अत्यधिक नशे की हालत में था, जिसने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए पिकअप को टक्कर मार दी। स्थानीय नागरिकों के सहयोग से घायल को तत्काल रामपुर नैकिन अस्पताल पहुँचाया गया।
स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही:

अस्पताल पहुँचने पर प्रशासन की घोर संवेदनहीनता सामने आई। आपातकालीन स्थिति होने के बावजूद अस्पताल में कोई भी डॉक्टर ड्यूटी पर मौजूद नहीं था। पूरा अस्पताल केवल एक ड्रेसर के भरोसे संचालित हो रहा था। इलाज में हुई करीब एक घंटे की देरी और अव्यवस्था को लेकर आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर विरोध-प्रदर्शन और हंगामा किया।
*प्रशासनिक हस्तक्षेप और रेफर:*
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन की ओर से महेंद्र विश्वकर्मा मौके पर पहुँचे। उनके हस्तक्षेप और सक्रियता के बाद एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। गंभीर रूप से घायल शीतल केवट को प्राथमिक उपचार के अभाव में ही बेहतर इलाज के लिए रीवा रेफर कर दिया गया है। फिलहाल युवक की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
*मांग*:
स्थानीय नागरिकों और परिजनों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि ड्यूटी के समय नदारद रहने वाले डॉक्टरों पर तत्काल कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए और नशे में धुत बस चालक के खिलाफ सख्त कानूनी मामला दर्ज किया जाए।