श्योपुर में महिला ने एक साथ चार बच्चों को दिया जन्म

दो बेटे-दो बेटियां… सभी एसएनसीयू में भर्ती

भोपाल/मंगल भारत। श्योपुर जिला अस्पताल से एक सुखद और दुर्लभ खबर सामने आई है। वीरपुर तहसील के भैरूपुरा गांव की रहने वाली पूजा सुमन ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया है। इनमें दो बेटे और दो बेटियां हैं। हालांकि समय से पहले जन्म और कम वजन के चलते चारों नवजातों की हालत नाजुक बनी हुई है। सभी को विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई में भर्ती कर डॉक्टरों की सतत निगरानी में रखा गया है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार पूजा सुमन को रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे प्रसव पीड़ा के साथ जिला अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की अनुभवी टीम ने तत्काल मोर्चा संभाला। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद चारों बच्चों का सुरक्षित प्रसव कराया गया। एक साथ चार बच्चों के जन्म की खबर मिलते ही अस्पताल में खुशी और हैरानी का माहौल बन गया।